आमतौर पर देखें गए सपनें, जानिए दे रहे है कौनसा संकेत

आमतौर पर देखें गए सपनें, जानिए दे रहे है कौनसा संकेत

यूं तो सपनों को ज्योतिष और आध्यात्म जगत से जोड़ा जाता है, लेकिन मनोवैज्ञानिकों के अनुसार सपने हमारे ही अवचेतन मन से जुड़े होते हैं। किसी भी आदमी के सपनों से उसकी मनोस्थिति का आसानी से पता लगाया जा सकता है।

मनोवैज्ञानिकों और आध्यात्म शास्त्र के विद्वानों के अनुसार हर स्वप्न अपने आप में गूढ़ अर्थ लिए होता है। हर स्वप्न के पीछे एक कहानी होती है जो उस व्यक्ति के अवचेतन मन तथा मस्तिष्क से जुडी होती है। यही कारण है कि हम सभी एक ही सपने का अलग-अलग तरह से अर्थ निकालते हैं। हालांकि कुछ लोगों के अनुसार स्वप्न हमारे भविष्य से जुड़ी जानकारियां भी लेकर आते हैं लेकिन ऐसा उन्हीं लोगों के साथ होता है जिनकी इन्ट्यूशन पॉवर अच्छी होती है अथवा जो ध्यान का नियमित अभ्यास करते हैं। परन्तु इस आर्टिकल में हम उन चीजों पर विचार करेंगे जो हमारी मनःस्थिति से जुड़ी हुई हैं और हमारे दिल-दिमाग को अच्छे से उजागर करती हैं।

आइए जानते हैं कि हमारा कौनसा सपना हमारे बारे में क्या चुगली करता है?

अपने आप को नग्न देखना

यह एक ऐसा सपना है जो हममें से बहुत से लोग देखते हैं, लेकिन इसे दूसरों को नहीं बताते। हम सभी ने अपने जीवन में कभी-न-कभी ऐसा सपना जरूर देखा है जब हम पूरी तरह से नग्न होते हैं और दूसरों से खुद को छिपाने का प्रयास कर रहे होते हैं। यह सपना तब आता है जब हम हमारे तमाम प्रयासों के बाद भी दूसरों को इम्प्रेस करने की उम्मीद खो देते हैं, खास तौर पर जब आप किसी अपने को या बहुत ही महत्वपूर्ण व्यक्ति को इम्प्रैस करने की कोशिश कर रहे होते हैं। यह मन की काफी कुछ वैसी ही दशा बताता है जैसे कि आप दूसरों से कुछ छिपा रहे हैं और अचानक ही वो आपकी चोरी पकड़ लेते हैं। इसी भावना को आदमी सपने में खुद की नग्नता के रूप में देखता है।

सपनों में खो जाना

कई बार हम पूरी तरह से निरूद्देश्य हो जाते हैं, अपना मकसद भूल जाते हैं और यूं ही इधर-उधर भटकने लगते हैं। उस समय हमें ऐसा लगता है जैसे कि हम संसार में व्यर्थ ही आए हैं और यहां न तो कोई हमारा है और न ही हम किसी के हैं। जब भी कोई आदमी इस तरह की नकारात्मक फीलिंग्स बहुत ज्यादा महसूस करने लगता है, तब उसे यही सपना आता है। उस समय वो खुद को भी सपनों में खोया महसूस करता है जो रास्ता ढूंढ रहा है। यकीन मानिए, आपको उस वक्त किसी के सहारे की जरूरत होती है जो आपको रास्ता दिखा सकें, आपको धैर्य बंधा सके और मुश्किलों से बाहर निकलने में आपकी मदद कर सकें।

हवा में उड़ना

यह भी एक बहुत ही रेयर सपना है जो कुछ खास स्थितियों में ही आता है। माना जाता है कि जब भी हम कुछ बहुत बड़ा करना चाहते हैं या करते हैं, जो हमारी क्षमता से बाहर हो, जो हमें नई ऊंचाईयों पर ले जा सकें या फिर हमें एक नई जिंदगी दे सकें तो हमें उस समय हमारा मन एक आजाद पंछी की तरह अनुभव करता है। यही फीलिंग सोते समय हवा में उड़ने के सपने का कारण बनती है। एक तरह से मान सकते हैं कि यह सपना हमारी आजाद जिंदगी जीने की इच्छाओं को कोशिशों को दिखाता है, यह सपना हमारे बढ़े हुए आत्मविश्वास, साहस और क्षमताओं का भी प्रतीक है। कुल मिला कर यह सपना सकारात्मक वर्तमान और भविष्य का संकेत देता है।

अनजान साये हमारा पीछा करते हैं

यह एक ऐसा सपना है जो हमारे भविष्य से ज्यादा हमारे अतीत से जुड़ा हुआ है। जब भी हम अपने अतीत की पुरानी यादों से दूर भागने की कोशिश करते हैं, खुद को उनसे बचाने की और छिपने का प्रयास करते हैं तो यही सपना दिखाई देता है। इस सपने में अक्सर हमें कोई अनजान साया जिसे हम देख नहीं सकते, हमारा पीछा करता है और कभी-कभी हमारे ऊपर हमला भी कर देता है। वास्तव में यह सपना हमारे मन की गहराई में बैठा हुआ वो डर है जो हमने अपने अतीत (खासतौर पर बचपन में) महसूस किया था। यह डर किसी भी वजह से हो सकता है लेकिन उस चीज से हम आज तक अंदर ही अंदर डरते हैं। और यही डर सोते समय अनजान साये के रूप में उभर आता है। इस सपने को देखने का सीधा सा अर्थ यही है कि अपने अतीत की बुरी यादों से छुटकारा पा कर हम उम्मीदों और सकारात्मक कोशिशों के साथ अच्छे भविष्य के लिए प्रयास शुरु करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

वार्षिक राशिफल 2022